HindiJharkhand NewsNewsPolitics

चुनाव को लेकर सुरक्षा के रहेंगे कड़े और पुख्ता इंतजाम

रांची, 24 मई । लोकसभा चुनाव को लेकर रांची पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। शनिवार को रांची लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। रांची में कोबरा ,जगुआर के साथ-साथ पुलिस की स्पेशल क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी ) की भी तैनाती की गयी है।

डीआईजी अनूप बिरथरे ने बताया कि रांची लोकसभा क्षेत्र में हजारों की संख्या में जवानों को तैनात किया गया है। इसमें सीआरपीएफ, जैप, रैफ, कोबरा, जगुआर और रांची जिला बल के जवान शामिल हैं। बूथों को अलग-अलग कैटेगरी में बांटा गया है। रांची में नक्सल, क्रिटिकल और सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील और सामान्य बूथ हैं। सभी मतदान केंद्र की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में अर्ध सैनिक बल मौजूद है। रांची के कुछ क्षेत्रों में नक्सल प्रभावित बूथ भी हैं। ये बूथ रांची के खलारी, मैक्लुस्कीगंज, बुढ़मू और अनगड़ा में हैं। ऐसे सभी नक्सल प्रभावित बूथ पर एक सेक्शन अर्ध सैनिक बल की तैनाती की गई है। डीआईजी ने बताया कि कोबरा बटालियन की टीम भी रांची को मिली है। साथ ही झारखंड जगुआर की स्पेशल टीम ऑपरेशन के लिए मिली है। इसके साथ ही जोनल ऑफिसर और सब जोनल ऑफिसर्स बनाए गए हैं। बूथ पर पदाधिकारी की नियुक्ति की गई है। वहीं किसी बूथ पर समस्या होने पर क्यूआरटी टीम तुरंत मूवमेंट करेगी। इसको लेकर 40 से अधिक संख्या में बाइक दस्ते की क्यूआरटी बनाई गई है। एक क्यूआरटी में लगभग 5-6 बाइक और 10 से 12 जवान शामिल रहेंगे। यह क्यूआरटी सभी थाना प्रभारी, इंस्पेक्टर और डीएसपी को दी गई है।

बुलेट पर सवार होकर एसएसपी ने की बूथों का निरीक्षण

वहीं दूसरी ओर एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने शुक्रवार शाम को बुलेट पर सवार होकर मतदान केंद्रों का निरीक्षण करने निकले। स्वतंत्र,निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए संकीर्ण गलियों में स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान एसएसपी ने इस्लामी मरकज,मारवाड़ी कॉलेज,लिटिल गार्डन स्कूल ,कर्बला चौक सहित अन्य बूथों का निरीक्षण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *