HindiJharkhand NewsNewsPolitics

सत्ता के लिए भत्ता दे सकती है सरकार : सुदेश महतो

लोहरदगा, 17 अगस्त । आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि सरकार ने जनता की उम्मीदों को तोड़ा है। जनता ने इन्हें सेवा का अवसर दिया था लेकिन उस अवसर का प्रयोग इन्होंने अपनी विरासत बनाने और खुद का विकास करने के लिए किया। अपने भविष्य को लेकर चिंतित युवा जेएसएससी परीक्षा की तिथि को बदलने समेत अन्य मांगों को लेकर आज धरने पर बैठे हैं और सरकार के पास उनकी बात सुनने तक का समय नहीं है। युवाओं के सपनों को बेचने वाली इस सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में युवा हित के लिए कोई काम नहीं किया। सरकार सत्ता के लिए युवाओं को भत्ता दे सकती है।

सुदेश कुमार महतो लोहरदगा के पुराना नगर भवन में शनिवार को आयोजित युवा सह नगर सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान कई युवाओं ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। उन्होंने कहा कि राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार, अपराध, अराजकता, बेरोजगारी और पलायन इस सरकार की पहचान बन गई है। सरकार का विकास धरातल पर नहीं सिर्फ विज्ञापनों पर दिखाई देता है। इनकी गलत नीतियों और विकास को लेकर इच्छाशक्ति की कमी के चलते राज्य विकास के मानकों पर पिछड़ गया है। वोट कमाने वाली चीज है पर सरकार वोट खरीदने की तैयारी कर रही है।

महतो ने कहा कि खनन के साथ ही पर्यटन के क्षेत्र में भी लोहरदगा में विकास की असीमित संभावनाएं हैं। इन संभावनाओं को हकीकत में बदलने के लिए बेहतर नेतृत्व की आवश्यकता है। यहां की जनता ने बड़ी उम्मीद के साथ प्रशासनिक अनुभव रखने वाले नेता को अपना मत दिया लेकिन उन्होंने इस क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नहीं किया। पिछले पांच सालों में यहां लॉ एंड ऑर्डर की व्यवस्था भी बिगड़ी है। यह समय झारखंड आंदोलनकारी कमल किशोर भगत के सपनों को आवाज़ देने और उसे हकीकत में परिवर्तित करने का है। हमारा संकल्प लोहरदगा को उसकी क्षमता अनुरूप तैयार करना का है।

लोहरदगा पार्टी कार्यालय स्थित आजसू पार्टी के पूर्व उपाध्यक्ष सह लोहरदगा के पूर्व विधायक झारखंड आंदोलनकारी कलम किशोर भगत की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सुदेश कुमार महतो ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कमल दा के विचारों और उनके द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को पूरा करना हमारा दायित्व। जीवन भर उन्होंने राज्यहित के लिए कार्य किया। उनके सोच के अनुरूप विकसित लोहरदगा बनाने के लिए हर एक कार्यकर्ता कमर कस ले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *