HindiJharkhand NewsNewsPolitics

उलगुलान न्याय महारैली में आईएनडीआईए नेताओं ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

रांची, 21 अप्रैल । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के बैनर तले रांची के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में आयोजित आईएनडीआईए की उलगुलान न्याय महारैली में गठबंधन के कई राज्यों के पूर्व मुख्यमंत्रियों सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार ने झूठ बोलकर सत्ता हासिल की है और जनता ठगी महसूस कर रही है। इस बार के लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार को अंजाम भुगतना पड़ेगा। देश की जनता मोदी सरकार की सत्ता को उखाड़ फेंकेगी।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उनके पति अरविंद केजरीवाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को भी जेल में डाल दिया। कहते हैं जांच चल रही। यह कैसी जांच है। दोष साबित होने से पहले ही जेल में डाल दिया। मेरे पति का क्या कसूर है कि उन्होंने दिल्ली में अच्छी शिक्षा दिलाई, अस्पताल मोहल्ला क्लिनिक बनवाई। क्या विकास कार्य करना गलत है।

सुनीता ने कहा कि केजरीवाल पहली बार जब मुख्यमंत्री बने तो 39 दिनों में ही इस्तीफा दे दिया। ऐसे हैं अरविंद केजरीवाल। ऐसे व्यक्ति जो देश को नंबर वन बनाना चाहते हैं, उनको जेल में डाल दिया। अरविंद केजरीवाल ने जेल से कहा है कि यदि मौका देंगे तो हम सब मिलकर देश को महान बनाएंगे। ऐसे तानाशाही सरकार से लड़ने के लिए तैयार रहें ताकि दोनों नेता जेल के अंदर से बाहर निकल सकें।

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि जहां तक नजरें जा रहीं है वहां भीड़ ही भीड़ है। इसका मतलब भाजपा भागेगा देश बचेगा। लड़ाई यही है कि भाजपा को भगाकर देश के लोकतंत्र को बचाव करना है। गंगा जमुना तहजीब को बचाना है। हम मोदी की बात करने नहीं आए है। मुद्दे की बात करने यहां आए हैं। देश में जो तानाशाही चल रही है उसे उखाड़कर फेंकना है।

तेजस्वी ने कहा कि दिल्ली और झारखंड में अच्छा काम चल रहा था लेकिन ईडी को लगाकर सबको जेल में डालने का काम किया जा रहा है। हम इनसे डरेंगे नहीं। इन्हें वोट नहीं देना है। हमारे भगवान श्रीकृष्ण का जन्म भी जेल के अंदर हुआ था। मोदी से बदला लेना है। मोदी ने देश में गरीबी, महंगाई और जुमलेबाजी बढ़ाने का काम किया। इसलिए आईएनडीआईए के उम्मीदवारों को भारी मतों से विजय बनाने का काम करें।

इस दौरान हेमन्त सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने हेमन्त सोरेन की ओर से जेल से भेजे गए पत्र को पढ़कर सुनाया। पत्र में हेमन्त सोरेन ने कहा है कि षडयंत्र रच कर जेल के अंदर रखा है। उनकी तरह अरविंद केजरीवाल को भी जेल में बंद किया गया है। जबसे केन्द्र में मोदी सरकार बनी है तब से देश में केंद्रीय एजेंसियों का गलत उपयोग किया जा रहा है। झारखंड में पलायन, विस्थापित और बेरोजगारी जैसी समस्याओं पर बात नहीं की जा रही।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब इन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री और दिल्ली के मुख्यमंत्री को जेल भेजा, उसी वक्त वे चुनाव हार गये। उन्होंने कहा कि मैदान में जब पहलवान हारने लगता है तब कई तरह के हथकंडे अपनाता है। भाजपा यह न भूले कि उसने शेर को गिरफ्तार किया है लेकिन उसकी दहाड़ अभी भी गिरफ्तार नहीं हुई हैं। उलगुलान की यह आवाज ऐलान कर रही है कि बदलाव का समय आ गया है। जनता को बताने के लिए भाजपा के पास अब कुछ भी नहीं है।

अखिलेश ने कहा कि किसानों को भी ठगने का काम किया। भाजपा की सरकार के आने के बाद किसानों की हालत और खराब हो गई। बेरोजगारी बढ़ गई है। नौजवानों को भी रोजगार देने की बात की गई थी लेकिन इनके हर फैसले ने रोजगार के अवसर ही खत्म कर दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *