HindiJharkhand NewsNews

रांची में उलगुलान न्याय महारैली के मद्देनजर दो हजार अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनात

रांची। राजधानी के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में रविवार को इंडी गठबंधन की उलगुलान रैली है। रैली में राहुल गांधी समेत देशभर के बड़े नेता शामिल होंगे। ऐसे में रैली स्थल, एयरपोर्ट, होटल और सर्किट हाउस में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं। सभी स्थानों की सुरक्षा के लिए 2,000 अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। साथ ही ट्रैफिक रूट निर्धारित किये गये हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार को रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने प्रभात तारा मैदान स्थित महारैली स्थल पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया था। साथ ही संबंधित अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए थे। एसएसपी ने बताया कि महारैली स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राज्य के बाहर से आने वाले वीआईपी की सुरक्षा के लिए होटल से लेकर रैली स्थल तक जवानों के तैनाती की गई है। ट्रैफिक को लेकर भी अलग व्यवस्था की गई है।

उल्लेखनीय है कि इस महारैली में कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, आम आदमी पार्टी की सुनीता केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवन्त मान, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, राज्यसभा सदस्य प्रियंका चतुर्वेदी, टीएमसी सांसद डेरेक ओब्रायन, माले के दीपांकर भट्टाचार्य सहित अन्य नेता शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *