HindiJharkhand NewsNewsPolitics

बाबूलाल मरांडी ने महाविजय संकल्प सभा में कांग्रेस-झामुमो को बताया झारखंड विरोधी

दुमका, 28 मई । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को दुमका लोकसभा क्षेत्र में आयोजित महाविजय संकल्प सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह लोकसभा का चुनाव है। संथाल परगना क्षेत्र में अंतिम चरण का चुनाव है। झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस दोनों ही संताल परगना में चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों पार्टी झारखंड के विरोधी रहे हैं। झारखंडवासियों के भी विरोधी रहे हैं। आजाद भारत में 55 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी ने राज किया। झारखंड मुक्ति मोर्चा इन्हीं के साथ रहा लेकिन इन लोगों ने झारखंड अलग राज्य नहीं बनाया।

मरांडी ने कहा कि भाजपा ने वादा किया था कि केंद्र में हमारी सरकार बनने पर झारखंड अलग राज्य का गठन किया जाएगा। केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में सरकार बनने पर झारखंड अलग राज्य बना। जिस पार्टी ने झारखंड अलग राज्य बनाया है, हमें उसी पार्टी को वोट करना है। झामुमो और कांग्रेस विकास के भी विरोधी हैं। पहले गांव तक सड़कें नहीं हुआ करती थी। नदी नाले में पुल भी नहीं हुआ करता था। घरों तक बिजली भी नहीं थी। जब केंद्र में और झारखंड में भाजपा की सरकार बनी तब गांव तक सड़क बन गई। घर-घर तक बिजली पहुंच गई। बिजली नहीं रहने से केरोसिन और लालटेन के लिए सभी इधर-उधर दौड़ लगाते थे।

मरांडी ने कहा कि विकास की रोशनी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गांव तक पहुंचाई है। कांग्रेस चाहती तो गांव तक सड़क पहुंच जाती। बिजली घर-घर तक पहुंचा देती लेकिन इन्होंने काम नहीं किया। प्रधानमंत्री आवास नरेन्द्र मोदी गरीबों को दे रहे हैं। मुफ्त में गरीबों को अनाज भी दिया जा रहा है। इलाज और दवा के लिए पांच लाख रुपये तक का बीमा भी कराया है। जो हमारे लिए इतनी चिंता करते हैं, उन्हें हमें 2024 में फिर से प्रधानमंत्री बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *