HindiNationalNewsPolitics

बांसुरी स्वराज ने नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से दाखिल किया नामांकन

नई दिल्ली। भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज ने मंगलवार को नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से अपना नामांकन भर दिया है। भाजपा की दिग्गज नेता रहीं दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज के नामांकन भरने के दौरान केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी मौजूद रहे।

नामांकन का पर्चा दाखिल करने से पहले बांसुरी स्वराज ने मंगलवार को दिल्ली की सड़कों पर रोड शो कर अपनी ताकत भी दिखाई। रोड शो के दौरान बांसुरी स्वराज के साथ चुनावी रथ पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित पार्टी के कई अन्य नेता मौजूद रहे।

उनके साथ-साथ पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का हुजूम भी ‘अबकी बार 400 पार’ के नारे लगाते हुए अलग-अलग गाड़ियों में, यहां तक कि पैदल भी चलता नजर आया। ढोल-नगाड़ों और नारेबाजी के बीच बांसुरी स्वराज ने इस रोड शो के जरिए दिल्ली में भाजपा की ताकत भी दिखाई। रोड शो से पहले बांसुरी स्वराज ने पूजा अर्चना भी की।

भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बांसुरी स्वराज के भारी मतों से जीतने का दावा करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिल रहा है और पार्टी दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटें जीतने जा रही है। आपको बता दें कि बांसुरी स्वराज के नामांकन से एक दिन पहले सोमवार को उत्तर पश्चिम दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार योगेंद्र चंदोलिया ने अपना पर्चा दाखिल किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *