भाजपा का खाता नहीं खुलेगा, 400 का नारा फेल होगा: चंपाई सोरेन
जमशेदपुर, 28 अप्रैल । मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि झारखंड में भाजपा का खाता नहीं खुलेगा, 400 का नारा फेल होगा और डेढ़ सौ सीटों पर भाजपा सिमट जाएगी। मुख्यमंत्री चंपाई रविवार को जमशेदपुर में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाया।
मुख्यमंत्री सोरेन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में जिस तरह जमशेदपुर लोकसभा की सभी छह विधानसभा से भाजपा को उखाड़ फेंका है। उसी तरह इस लोकसभा चुनाव में भी समीर मोहंती की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि आगामी तीन मई को समीर मोहंती नामांकन करेंगे। एक माह में सभी कार्यकर्ता और नेता कड़ी मेहनत कर अपने प्रत्याशी को जिताने का काम करेंगे। आज पार्टी में कार्यकर्ताओं की भीड़ है, ऐसे में जहां कमी है उसे दूर कर आगे काम करें।
सोरेन ने कहा कि जेएमएम के एक बूथ का एक ही प्रभारी रहेगा, प्रत्येक बूथ में 25 महिला और 25 पुरुष की कमेटी बनायी जाएगी। उन्होंने कहा कि 10 साल में झारखंड के भाजपा सांसदों ने किसान मजदूर के लिए कोई काम नहीं किया। देश में भाजपा ने महंगाई को चरम सीमा पर पहुंचा दिया और सिर्फ गांधी परिवार पर आरोप लगाया है। भाजपा ने आदिवासी, दलित, पिछड़ों को दबाया है और सिर्फ पूंजीपतियों के लिए केंद्र सरकार ने काम किया है।