शिबू सोरेन परिवार की कठपुतली बने मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन : बाबूलाल मरांडी
रांची, 31 मार्च । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने रविवार को एक्स के माध्यम से राज्य के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अफसोस है कि चम्पाई सोरेन पारिवारिक अंदरूनी महाभारत की परिस्थितिवश सोरेन परिवार की अनुकंपा पर मजबूरी में मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद इनके हाथों की कठपुतली बने हुए हैं।
मरांडी ने कहा कि दिल्ली में स्वांग रचने से बेहतर होता कि वे झारखंड के छात्रों की समस्या का निदान करते। जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में धांधली करने वाले लोगों के साथ सख्ती बरतते, उन्हें जेल भेजते। राज्य के मरणासन्न कानून व्यवस्था की समीक्षा कर उसे सुदृढ़ करते लेकिन वे भी हेमंत सोरेन के नक्शे कदम पर चलने की कसम खा रखे हैं। उन्होंने कहा यदि मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने क्रिया-कलापों में सुधार नहीं किया और उसी राह पर चलते रहे तो वो दिन दूर नहीं जब उन्हें भी होटवार जाना पड़ सकता है।