HindiJharkhand NewsNewsPolitics

झारखंड से बजेगा लोकतंत्र को बचाने का बिगुल : चम्पाई सोरेन

रांची, 31 मार्च । दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन ने रविवार को रैली की और अपनी ताकत दिखाई। रैली में झामुमो नेता और झारखंड के मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने कहा कि ईडी और सीबीआई का केंद्र गलत इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड से ही लोकतंत्र को बचाने का बिगुल बजेगा।

चम्पाई ने कहा कि आज जिस जमीन के नाम पर हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया, उस जमीन का कहीं भी किसी किताब में जिक्र नहीं है। झारखंड में हेमंत सोरेन ने पिछड़े वर्गों और समुदायों का जो उत्थान किया, उससे भाजपा के पेट में दर्द शुरू हो गया। यही लड़ाई हमारे पूर्वजों ने भी झारखंड में लड़ी थी। हम सब एक हैं। हम झारखंड के साथ-साथ देश में भी भाजपा की विचारधारा को पनपने नहीं देंगे। साथ ही कहा कि अत्याचार के खिलाफ लड़ाई झारखंड से शुरू होगी और केंद्र की सरकार को हटा कर खत्म होगी।

झारखंड झुकेगा नहीं, इंडिया रुकेगा नहीं : कल्पना सोरेन

इस रैली में झामुमो की नेता और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने केंद्र पर ईडी और सीबीआई के गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन को गलत तरीके से फंसाया गया है। कल्पना सोरेन ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग इनके खिलाफ बोलते हैं उन्हें जेल के अंदर डाला जा रहा है, जो लोग उनकी पार्टी में आ रहे हैं उन्हें माफ किया जा रहा है।

कल्पना ने कहा कि विपक्ष के नेताओं को बेवजह परेशान किया जा रहा है। किसी ने कोई घोटाला नहीं किया उसके बावजूद भी किस तरह से विपक्ष के सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को परेशान किया जा रहा है। झूठे मामलों में जेल के अंदर किया जा रहा है।ईडी के द्वारा जबरदस्ती रेड करवाई जा रही है। सीबीआई जांच करवाई जा रही है सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया जा रहा है।

कल्पना सोरेन ने कहा कि दोषी कौन है यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। न्यायपालिका पर हमें पूरा भरोसा है। हम यही चाहेंगे कि हमें इंसाफ जल्दी से जल्दी मिले। आज हम जितनी भी पार्टी यहां पर इकट्ठा हुए हैं, लोकतंत्र को बचाने के लिए यहां पर आए हैं। यही से हम संकल्प लेकर जा रहे हैं और यहां से हम एकजुट होकर केंद्र की तानाशाही सरकार के खिलाफ लड़ेंगे। साथ ही कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए हमें सड़क पर आना होगा ।

विपक्ष की रैली में कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी के साथ झामुमो के चम्पाई सोरेन, कल्पना सोरेन, राजद के तेजस्वी यादव, सपा के अखिलेश यादव के अलावा उद्धव ठाकरे, फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, सुनीता केजरीवाल और भगवंत मान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *