HindiNationalNewsPolitics

महारैली में उठाएंगे देश के गंभीर मुद्दे : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 30 मार्च : कांग्रेस ने कहा है कि इंडिया समूह की रविवार को होने वाली महारैली अहम होगी और इसमें देश के विपक्षी दल राष्ट्र के सामने मौजूद सभी प्रमुख मुद्दों को उठाएंगे।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया तथा दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने आज यहां संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि रविवार को यहां के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए है। इस महा रैली में मोदी सरकार के खिलाफ बिगुल फूंका जाएगा।

उन्होंने कहा,”कल की रैली में सभी राजनीतिक दल शामिल होंगे और उनके नेता रैली को संबोधित करेंगे। यह व्यक्ति केंद्रित नहीं ‘लोकतंत्र तथा संविधान बचाओ’ रैली है इसलिए इसे ‘लोकतंत्र बचाओ रैली’ नाम दिया गया है।”

उन्होंने कहा, “बढ़ती कीमतें, पिछले 45 वर्षों में सबसे अधिक बेरोजगारी दर, आर्थिक असमानताएं, जिसमें अमीर और अमीर हो रहे हैं और गरीब ज्यादा गरीब होते जा रहे हैं जबकि प्रगति का लाभ केवल कुछ चुनिंदा लोगों को ही मिल रहा है, समाज का ध्रुवीकरण और किसानों पर अत्याचार इनमें से एक होंगे।”

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करके विपक्षी दलों को निशाना बनाना भी एक महत्वपूर्ण एजेंडा होगा। उन्होंने कहा, “दो विपक्षी मुख्यमंत्रियों और कुछ मंत्रियों को बिना किसी आरोप के गिरफ्तार किया गया है जो चुनाव के समय विपक्षी दलों को पंगु बनाने की साजिश है। रैली 75 वर्षों के सबसे बड़े घोटाले, चुनावी बाँड को भी उजागर करेगी जिसके माध्यम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 8200 करोड़ रुपये एकत्र किए।”

उन्होंने बताया कि इन बाँडों को भारत के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अवैध और असंवैधानिक ठहराया गया था। भाजपा ने भारी धन इकट्ठा किया लेकिन कांग्रेस पर ‘कर आतंक हमला’ किया था। उन्होंने खुलासा किया कि पार्टी को नियमित नोटिस दिए जा रहे हैं क्योंकि कल शाम ही दो और नोटिस दिए गए हैं।

श्री रमेश ने कहा कि रैली संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए है, खासकर भाजपा और आरएसएस नेताओं के बार-बार इस दावे के मद्देनजर कि संविधान को बदलने की जरूरत है क्योंकि यह समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा, “अगर संविधान बदला गया तो इसके साथ ही धर्मनिरपेक्षता, समाजवाद और सामाजिक न्याय भी चला जाएगा क्योंकि सब कुछ खतरे में पड़ जाएगा।”

उन्होंने कहा कि यह रैली देश के लोगों की ओर से लोक कल्याण मार्ग को एक सशक्त संदेश देगी। रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राकांपा नेता शरद पवार, फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, तेजस्वी यादव, उद्धव ठाकरे, अखिलेश यादव, चंपई सोरेन, सीताराम येचुरी, डी राजा और अन्य शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *