HindiNationalNewsPolitics

कांग्रेस के अंदर देशभक्ति दम तोड़ चुकी है: मोदी

वार्धा (महाराष्ट्र), 20 सितंबर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की हाल की विदेश यात्रा में उनके विवादास्पद बयानों को लेकर कांग्रेस की तीखी आलोचना की और कहा कि आज की कांग्रेस महात्मा गांधी की कांग्रेस नहीं रह गयी है, इस पार्टी में देश भक्ति दम तोड़ चुकी और इस पर नफरत का भूत सवार हो चुका है।

श्री मोदी संसद में नेता प्रतिपक्ष का नाम लिए बिना कहा कि आज कांग्रेस के नेता विदेश जा कर देश विरोधी एजेंडा चलाते हैं और भारतीय संस्कृत तथा यहां के लोगों की आस्था का अपमान करते हैं। श्री मोदी कारीगरों की सहायता के लिए चल रहे केंद्र सरकार के विश्वकर्मा कार्यक्र पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उल्लेखनीय है कि यहां वार्धा आश्रम महात्मा गांधी और आचार्य विनोबा भावे जैसे महापुरुषों की कार्यस्थली और सामाजिक प्रयोगशाला रही है।

प्रधानमंत्री कहा,“आज जो कांग्रेस हम देख रहे हैं, ये वो कांग्रेस नहीं है जिससे कभी महात्मा गांधी जी जैसे महापुरुष जुड़े थे। आज की कांग्रेस में देशभक्ति की आत्मा दम तोड़ चुकी है। आज की कांग्रेस में नफरत का भूत दाखिल हो गया है।”

उन्होंने श्री गांधी की हाल की अमेरिका यात्रा में सिखपंथ के लोगों की भारत में स्थिति और अन्य मुद्दों पर उनके विवादास्पद बयानों तथा कथित तौर पर कुछ भारत विरोधी लोगों के साथ उनकी मुलाकातों की ओर संकेत करते हुए कहा, “ आप देखिए, आज कांग्रेस के लोगों की भाषा, उनकी बोली, विदेशी धरती पर जाकर उनके देशविरोधी एजेंडे, समाज को तोड़ना, देश को तोड़ने की बात करना, भारतीय संस्कृति और आस्था का अपमान करना, ये वो कांग्रेस है, जिसे टुकड़े-टुकड़े गैंग और अर्बन नक्सल के लोग चला रहे हैं।”

श्री मोदी ने कहा, “ आज देश की सबसे बेईमान और सबसे भ्रष्ट कोई पार्टी है, तो वह कांग्रेस पार्टी है। देश का सबसे भ्रष्ट परिवार कोई है, तो वो कांग्रेस का शाही परिवार है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज की कांग्रेस को गणपति पूजा से भी नफरत है। उन्होंने कहा, “ महाराष्ट्र की धरती गवाह है, आज़ादी की लड़ाई में लोकमान्य तिलक के नेतृत्व में गणपति उत्सव भारत की एकता का उत्सव बन गया था। गणेश उत्सव में हर समाज, हर वर्ग के लोग एक साथ जुड़ते थे। इसीलिए, कांग्रेस पार्टी को गणपति पूजा से भी चिढ़ है। मैं गणेश पूजन कार्यक्रम में चला गया, तो कांग्रेस का तुष्टिकरण का भूत जाग उठा, कांग्रेस गणपति पूजा का विरोध करने लगी।”

श्री मोदी ने कांग्रेस शासित कर्नाटक में गणपति शोभा यात्रा पर हमले और विघ्न की घटना का भी जिक्र किया और कहा,“ तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस कुछ भी कर रही है। आपने देखा है, कर्नाटक में तो कांग्रेस सरकार ने गणपति बप्पा को ही सलाखों के पीछे डाल दिया। गणपति की जिस मूर्ति की लोग पूजा कर रहे थे, उसे पुलिस वैन में कैद करवा दिया।” उन्होंने मराठी में कहा, ‘महाराष्ट्र में गणपतीची आराधना करीत होता आणि कर्नाटकात गणपतीची मूर्ती पोलिस वैन मद्धे होती?”

ऐसी घटनाओं पर कांग्रेस के सहयोगियों के मौन पर प्रधानमंत्री ने कहा, “पूरा देश गणपति के इस अपमान को देखकर आक्रोशित है। मैं हैरान हूँ, इस पर कांग्रेस के सहयोगियों के मुंह पर भी ताला लग गया है। उन पर भी कांग्रेस की संगत का ऐसा रंग चढ़ा है कि गणपति के अपमान का भी विरोध करने की उनमें हिम्मत नहीं बची है।”

श्री मोदी ने लोगों को विकास के एजेंडा के साथ खड़ा होने का आह्वान करते हुए कहा, “हमें एकजुट होकर कांग्रेस के इन पापों का जवाब देना है। हमें परंपरा और प्रगति के साथ खड़ा होना है। हमें सम्मान और विकास के एजेंडे के साथ खड़ा होना है। हम साथ मिलकर महाराष्ट्र की अस्मिता को बचाएंगे। हम सब साथ मिलकर महाराष्ट्र का गौरव और बढ़ाएंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *