मिजोरम में भारी मात्रा में ड्रग्स, विदेशी शराब और गांजा जब्त, छह गिरफ्तार
आइजोल। असम राइफल्स, सीमा शुल्क विभाग और मिजो पुलिस ने मिजोरम में भारी मात्रा में हेरोइन, गांजा और विदेशी शराब जब्त किया है।
असम राइफल्स के सूत्रों ने आज बताया है कि असम राइफल्स, सीमा शुल्क विभाग और मिजोरम पुलिस के दो संयुक्त अभियानों में चम्पाई जिले के जोखावथ और मुनमेल्था से 814 ग्राम हेरोइन और 200 कार्टन विदेशी शराब जब्त की गई। असम राइफल्स ने बताया कि जब्त हेरोइन की कीमत 5.69 करोड़ रुपये और शराब की कीमत 22.64 लाख रुपये है। शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था।
एक अन्य अभियान में, असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस ने क्रमशः जोखवथ और रुइकन क्षेत्रों से 66.50 लाख रुपये के 95 ग्राम और 1.08 करोड़ रुपये मूल्य की 155 ग्राम हेरोइन और 10 कार्टन विदेशी शराब जब्त किए। हेरोइन और विदेशी शराब के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इस बीच, एक अन्य अभियान में असम राइफल्स, मिजोरम सीआईडी और विशेष नारकोटिक पुलिस ने आइजोल में वाईवकान से गांजे के सात बोरे जब्त किए। जब्त गांजे का वजन करीब 50 किलोग्राम है, जिसकी कीमत करीब 49.57 लाख रुपये बतायी गयी है। गांजा सप्लाई करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।