HindiNationalNewsPolitics

लोकसभा चुनाव : प्रथम चरण में भाजपा को है खोयी सीटें पाने की आस

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जिन आठ सीटों पर बुधवार से नामांकन शुरू हुआ है, उसमें पिछले लोकसभा चुनाव में तीन पर बसपा तथा दो पर सपा की साइकिल दौड़ी थी। वहीं भाजपा के खाते में तीन सीटें ही थीं। वहीं 2014 में सभी सीटें भाजपा के नाम थीं। अब इस बार विपक्ष अपनी सीटें बचाने के साथ ही आगे बढ़ने का प्रयास करेगी। वहीं भाजपा का प्रयास होगा की वह 2014 की स्थिति पुन: कायम कर सके।

प्रथम चरण में उप्र की सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत में चुनाव होने हैं। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गयी है। इसमें 2019 में सहारनपुर से बसपा के हाजी फजलुर्रहमान, बिजनौर से बसपा के मलूक नागर, नगीना से बसपा के गिरीश चंद्र ने चुनाव जीता था। वहीं, मुरादाबाद से सपा के एसटी हसन और रामपुर से सपा के आजम खां ने चुनाव जीता था। हालांकि उप चुनाव में रामपुर की सीट भाजपा ने जीत ली। इसके अलावा कैराना से भाजपा के प्रदीप कुमार चौधरी, मुजफ्फरनगर से भाजपा के संजीव बालियान, पीलीभीत से भाजपा के वरूण गांधी ने चुनाव में जीत दर्ज की थी।

सहारनपुर से 2019 में बसपा के हाजी फजलुर रहमान ने भाजपा के राघव लखनपाल को 22,417 मतों से पराजित किया था। इस चुनाव में कुल 11 उम्मीदवार मैदान में थे। बसपा उम्मीदवार को 5,14,139 मत मिले थे। वहीं भाजपा उम्मीदवार राघव को 4,91,722 मत मिले थे। कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद 2,07,068 मत पाकर तीसरे स्थान पर थे। वहीं 4,284 मत नोटा को भी मिले थे। वहीं 2014 में राघव ने कांग्रेस के इमरान मसूद को 65,090 मतों से हराया था।

वहीं बिजनौर से बसपा के मलूक नागर ने भाजपा के कुंवर भारतेंद्र सिंह को 69,941 मतों से हराया था। मलूक नागर को 5,61,045 मत मिले थे। वहीं भाजपा के कुंवर को 4,91,104 मत मिले थे, जबकि कांग्रेस के नसीमुद्दीन सिद्दिकी 25,833 मत पाकर तीसरे स्थान पर थे। वहीं 2014 के लोकसभा चुनाव को देखें तो कुंवर भारतेंद्र ने समाजवादी पार्टी के शाहनवाज राणा को 2,05,774 मतों से परास्त किया था। कुंवर को 4,86,913 मत मिले थे। वहीं शानवाज राणा को 2,81,139 मत मिले थे, जबकि बसपा के मालुक नगर को 2,30,124 मत मिले थे। यहां रालोद के जया प्रदा नाहाता ने 24,348 मत पाकर चौथे स्थान पर रहीं थी।

नगीना लोकसभा सीट से बसपा के गिरीश चंद्र ने भाजपा के डा. यशंवत को 1,66,832 मतों से परास्त किया था। वहीं कांग्रेस की ओमवती देवी ने 20,046 मत पाई थीं, जबकि 2014 में भाजपा के यशवंत सिंह ने सपा के यशवीर सिंह को 92,390 मतों से हराया था। वहीं बसपा के गिरीश चंद्र 2,45,685 मत पाकर तीसरे स्थान पर थे।

मुरादाबाद लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के एसटी हसन ने भाजपा के कुंवर सर्वेश कुमार को 97,878 मतों से हराया था। एसटी हसन 6,49,416 मत पाये थे, जबकि कुंवर सर्वेश 5,51,538 मत पाये थे, जबकि कांग्रेस से राज बब्बर 59,198 मत पाकर तीसरे स्थान पर थे। 2014 में भाजपा के कुंवर सर्वेश ने सपा के एस.टी हसन को 87,504 मतों से परास्त किया था। रामपुर लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी से जीत हासिल की थी, लेकिन उप चुनाव में भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी ने सपा के असीम को 42,192 मतों से परास्त कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *