HindiNationalNewsPolitics

मोदी ने 13,500 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाएं राष्ट्र को की समर्पित एवं रखी आधारशिला

मेहसाणा 22 फरवरी : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को मेहसाणा के तरभ गांव में श्री वालीनाथ महादेव स्वर्ण शिखर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर 13,500 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित की और कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं में इंटरनेट कनेक्टिविटी, रेल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, अनुसंधान और पर्यटन जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं।

श्री मोदी ने इस अवसर पर कहा कि भारत की विकास यात्रा का वर्तमान कालखंड आज महत्वपूर्ण बन गया है। देश भर में आज देव कार्य के साथ-साथ देश कार्य भी तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। श्री वालीनाथ महादेव स्वर्ण शिखर प्राण प्रतिष्ठा का धर्मोत्सव विकास का अनूठा उत्सव बन गया है। आज के विकास उत्सव से युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। इतना ही नहीं इससे लोगों का जीवन भी आसान बनेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारे मंदिर केवल पूजा-पाठ का स्थान ही नहीं, बल्कि हजारों वर्ष पुरानी सांस्कृतिक परम्परा और आध्यात्मिक चेतना के प्रतीक भी हैं। उन्होंने मंदिर को ज्ञान-विज्ञान का केंद्र बताते हुए कहा कि मंदिर देश और समाज को अज्ञान के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाने के श्रेष्ठ माध्यम हैं। मंदिर शिक्षा और समाज सुधार के केंद्र के समान है। उन्होंने देश की बहुमूल्य विरासत के जतन-संवर्धन को लेकर कहा कि “किसी भी देश की प्रगति उसकी विरासत के संवर्धन से आगे बढ़ती है। केंद्र सरकार ने विकास के साथ-साथ विरासत का भी श्रेष्ठ तरीके से संरक्षण और संवर्धन किया है। आज पूरा देश राम मंदिर के निर्माण से खुश है।”

उन्होंने कहा कि हमारी ऐतिहासिक विरासतें केवल इतिहास को समझने का प्रतीक ही नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए इतिहास और देश की संस्कृति को समझने की प्रेरणा का स्रोत भी हैं। उन्होंने आगे कहा कि वडनगर में 2800 वर्ष पुरानी मानव बस्ती के प्रमाण मिले हैं। धोलावीरा में भी प्राचीन भारत के दिव्य दर्शन होते हैं। ये विरासतें भारत का गौरव हैं और हमें अपनी इन समृद्ध विरासतों पर गर्व है। उन्होंने यह भी कहा कि विकसित भारत के निर्माण का हमारा आज का प्रयास भावी पीढ़ी के लिए राष्ट्र की विकास यात्रा को समझने की विरासत बनेगा। आधुनिक सड़कें, रेलवे लाइनें और आधुनिक बुनियादी ढांचागत सुविधआएं विकसित भारत का राजमार्ग बनेंगी।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधऩ में देश भर से आए रबारी समाज के लोगों का गुजरात की धरती पर स्वागत किया। विकास कार्यों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि आज विकास के साथ जुड़े 13,000 करोड़ रुपए से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया है। इन परियोजनाओं में रेलवे, परिवहन, सड़क, पानी, राष्ट्रीय सुरक्षा, शहरी विकास और पर्यटन जैसे अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं।

श्री मोदी ने कहा, “मैं इस पवित्र धरती पर एक दिव्य ऊर्जा का अनुभव कर रहा हूं। यह ऊर्जा हमें आध्यात्मिक चेतना से जोड़ती है। जिसका संबंध भगवान कृष्ण और भगवान महादेव के साथ भी है।” उन्होंने कहा कि आज बलदेवगिरी बापू का सपना साकार हो रहा है। आज देश ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर चल रहा है। सरकार देश में जीवन को सरल बनाने के काम में जुटी है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी लक्ष्य समाज के अंतिम छोर के मानव का जीवन बदलना है। इसीलिए एक ओर देवालय बन रहे हैं और दूसरी ओर करोड़ों गरीबों के घर भी बन रहे हैं। कुछ दिन पहले ही गुजरात में सवा लाख गरीब परिवारों का घर के घर का सपना साकार का अवसर मिला है। आज देश में 80 करोड़ लोगों को राशन दिया जा रहा है। देश के 80 करोड़ नए परिवारों को नल से जल मिलना भी शुरू हो गया है। आज डीसा में निर्मित रन-वे से यहाँ सुरक्षा का बड़ा केन्द्र विकसित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए केन्द्र सरकार को अनेक पत्र लिखे थे परंतु तत्कालीन सरकार ने यह काम नहीं किया था। उन्होंने कहा, “लेकिन मोदी जो संकल्प लेता है, वह पूरा करता है और यह बात आज डीसा के रन-वे का लोकार्पण करके सार्थक की है। इसीलिए लोगों को मोदी की गारंटी पर विश्वास होता है।”

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री ने 8000 से अधिक ग्राम पंचायतों को हाई-स्पीड इंटरनेट सेवा प्रदान करने वाले भारत नेट के दूसरे चरण – गुजरात फाइबर ग्रिड नेटवर्क लिमिटेड सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं। इनमें कई अन्य परियोजनाओं के अलावा महेसाणा और बनासकांठा जिलों में रेल लाइन दोहरीकरण, गेज परिवर्तन, नई ब्रॉड-गेज लाइन के लिए कई परियोजनाएं, खेड़ा, गांधीनगर, अहमदाबाद और महेसाणा में कई सड़क परियोजनाएं; गांधीनगर में गुजरात जैव प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का मुख्य शैक्षणिक भवन; बनासकांठा में कई जल आपूर्ति परियोजनाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने आणंद जिले में एक नए जिला स्तरीय अस्पताल और आयुर्वेद अस्पताल सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इनमें अन्य परियोजनाओं के अलावा, बनासकांठा के अंबाजी क्षेत्र में रिंचड़िया महादेव मंदिर और झील का विकास, गांधीनगर, अहमदाबाद, बनासकांठा और महेसाणा में कई सड़क परियोजनाएं, वायु सेना स्टेशन, दीसा का रनवे, अहमदाबाद में मानव एवं जैविक विज्ञान गैलरी, गिफ्ट सिटी में गुजरात जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान केन्द्र (जीबीआरसी) की नई इमारत, गांधीनगर, अहमदाबाद और बनासकांठा में जल आपूर्ति में सुधार के लिए कई परियोजनाएं शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *