HindiNationalNewsPolitics

नड्डा ने विकसित भारत पर आधारित प्रदर्शनी का किया उद्घाटन

नयी दिल्ली, 16 फरवरी : राजधानी के प्रगति मैदान में नवनिर्मित भारत मंडपम में आयोजित होने वाली भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय अधिवेशन की पूर्व संध्या पर शुक्रवार शाम यहां पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने विकसित भारत पर आधारित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

भारत मंडपम के प्रांगण में सजाई गई इस विकसित भारत के दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित करने वाली प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार के 10 साल की उपलब्धियों को भी चित्रित किया गया है। श्री नड्डा के प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचने पर पार्टी महासचिव विनोद तावड़े, राधामोहन अग्रवाल एवं तरुण चुघ और दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने उनका स्वागत किया। श्री नड्डा ने दीप प्रज्ज्वलित करके प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित किये। फिर उन्होंने पूरी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

इस प्रदर्शनी के बीच में ही रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए गए हैं ताकि अधिवेशन में देश भर से आने वाले प्रतिनिधि प्रदर्शनी को अनिवार्य रूप से देख सकें। भारत मंडपम में अधिवेशन की तैयारी करीब करीब पूरी हो चुकी है जहां अगले दो दिन भाजपा के साढ़े 11 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं का जमावड़ा होगा जिन्हें आगामी लोकसभा चुनाव में राजग को 400 और भाजपा को 370 से अधिक सीटों पर जीत दिलाने का मंत्र दिया जाएगा। पार्टी नेताओं के अनुसार कल सुबह नौ बजे श्री नड्डा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक होगी जिसमें प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन महामंत्री भी शामिल होंगे। बैठक में इन सभी के कार्य निष्पादन की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद अपराह्न तीन बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय अधिवेशन का विधिवत शुभारम्भ करेंगे। यह कार्यक्रम 18 फ़रवरी तक चलेगा। इस अधिवेशन में दो प्रस्ताव पारित किये जाएंगे। अधिवेशन के दोनों दिन कार्यकर्ताओं को श्री मोदी का मार्गदर्शन मिलेगा। इस राष्ट्रीय अधिवेशन में आने वाले पार्टी के प्रतिनिधियों में देश भर में पार्टी के पदाधिकारी, मौजूदा और पूर्व सांसद, विधायक और निर्वाचित मेयर, जिला अध्यक्ष, महामंत्री गण और संगठन के विस्तारक तक इस कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। इस अधिवेशन का एक व्यापक संगठनात्मक एजेंडा होगा। श्री मोदी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए 370 सीट और राजग के लिए 400 पार का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए, इन साढ़े 11 हजार प्रतिनिधियों को तैयार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *