HindiNationalNewsPolitics

भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में रहेगी राजस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका-मोदी

जैसलमेर, 12 मार्च : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को दुनियां की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए राजस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए कहा है कि सेनाओं की ताकत तभी बढ़ती है जब देश आर्थिक रूप से सशक्त होता है।

श्री मोदी मंगलवार को जैसलमेर जिले के पोकरण में भारत शक्ति अभ्यास के अवसर पर आयोजित प्रदर्शन का अवलोकन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। देश का सामर्थ्य निरंतर बढ़ रहा है और हम तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति में राजस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा और विकसित राजस्थान, विकसित सेना को ताकत प्रदान करेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वीरता और कौशल का यह प्रदर्शन नए भारत की गूंज है। आज पोकरण एक बार फिर भारत की आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और उसके गौरव की त्रिवेणी का साक्षी बना है। यह वही पोकरण है जिसने भारत को परमाणु सम्पन्न राष्ट्र बनाया। आज हम यहीं हमारी सेनाओं के स्वदेशीकरण से सशक्तीकरण होने के गवाह बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में भारतीय सेना का सामर्थ्य बढ़ा है। भारत देश पहले रक्षा उपकरणों का आयातक था परन्तु आज एक बड़ा निर्यातक बन रहा है। भारत शीघ्र ही रक्षा क्षेत्र में पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंनेे कहा कि पिछले चार दशकों में वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) पर सैनिक परिवारों से झूठ बोला गया। हमारी सरकार ने आते ही ओआरओपी की गारन्टी को पूरा किया। अब तक राजस्थान के 1.75 लाख पूर्व सैनिकों को ओआरओपी के तहत पांच हजार करोड़ रुपये का लाभ मिल चुका है।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, केन्द्र सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रोफेसर अजय कुमार सूद, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल मनोज पांडे, चीफ ऑफ एयर स्टाफ एयर चीफ मार्शल वी. आर. चौधरी, चीफ ऑफ नेवल स्टाफ एडमिरल आर. हरि कुमार एवं राजस्थान के मुख्य सचिव सुधांश पंत तथा वरिष्ठ सैन्य एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *