HindiJharkhand NewsNewsPolitics

प्रदेश कांग्रेस पॉलिटिकल अफेयर्स की बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव पर हुआ मंथन

रांची, 01 मार्च । प्रदेश कांग्रेस पॉलिटिकल अफेयर्स (पीएसी) की बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई, जिसमें आगामी लोकसभा चुनाव के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। लोकसभा सीटों का क्षेत्रवार विश्लेषण किया गया। यह तय किया गया कि राज्य में महागठबंधन की चल रही सरकार के जरिए इन चार वर्षो के दौरान किए गए विकास का कार्यों का पूरा खाका जनता के सामने रखा जाएगा। साथ ही केंद्र सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल का खाका भी जनता के सामने रखा जाएगा ताकि उपलब्धियों का ढोल पीटने वाले प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के नुमाइंदों की पोल खुल सके।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने पीएसी के सदस्यों को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए पूरी तरह कमर कसकर तैयार रहने को कहा। उन्होंने कहा कि पीएससी की सदस्यों की भूमिका चुनाव से पहले अत्यंत ही महत्वपूर्ण है। देश में एक बार चुनाव शुरू हो जाने के बाद आपकी भूमिका अलग होती है और चुनाव के पहले आपकी भूमिका अलग है। अभी हमें सभी लोकसभा सीटों पर केंद्रित होकर ऐसी तमाम कमजोरी को दूर करने पर बल देना है, जिनकी वजह से चुनाव का परिणाम थोड़ा बहुत भी प्रभावित होने की संभावना है।

मीर ने कहा कि झारखंड के संदर्भ में हमारे गठबंधन की मजबूती को देखकर भाजपा बौखलाहट में है और वह वर्तमान सरकार के खिलाफ हर मोर्चे पर अफवाह फैलाने की कोशिश कर रही है लेकिन हमारी एकजुटता से हर बार उनके इरादों पर पानी फिर जा रहा है। पूरे देश की जनता विशेष कर झारखंड की जनता ने इनका असली रंग पहचान लिया है जरूरत सिर्फ इस बात की है कि जनता जिस तरह से हम पर विश्वास है कर रही है उस विश्वास को हम बनाए रखें। उन्होंने कहा कि हमारी मिली जुली मेहनत और जनता के साथ से झारखंड का परिणाम चौंकाने वाला होगा जिसकी कल्पना भाजपा कभी नहीं कर सकती।

राजेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा राजनीति के निचले पायदान पर खड़ी होकर ओछी राजनीति कर रही है। इससे जनता का भारी नुकसान हो रहा है और ऐसे में हम मूक दर्शक बनकर खड़े नहीं रह सकते। यदि आज हमने जागने और जगाने का काम नहीं किया तो भावी पीढ़ी लोकतंत्र का नाम सिर्फ इतिहास में ही पढ़ पाएगी। इस देश से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को हटाना मोदी सरकार का एक छुपा हुआ एजेंडा है जो भविष्य में सामने आएगा।

बैठक में मुख्य रूप से पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, सुखदेव भगत, बंधु तिर्की, जलेश्वर महतो, शहजादा अनवर, फुरकान अंसारी, केएन त्रिपाठी, बृजेंद्र सिंह, कालीचरण मुंडा सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *