HindiBihar NewsNationalNewsPolitics

नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार; भाजपा के 12 और जदयू के नौ सदस्यों ने ली मंत्री पद की शपथ

पटना 15 मार्च : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के मंत्रिमंडल का आज विस्तार हुआ, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 12 और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नौ सदस्यों ने मंत्री पद की शपथ ली।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शुक्रवार को यहां राजभवन में एक समारोह में बिहार विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर, विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, अन्य मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में भाजपा के 12 और जदयू के नौ सदस्यों को मंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी।
इस वर्ष 28 जनवरी को सरकार गठन के बाद यह पहला मंत्रिमंडल विस्तार है। मंत्री पद की शपथ लेने वालों में भाजपा कोटे से रेणु देवी, मंगल पांडे, नीरज कुमार सिंह बब्लू, नीतीश मिश्रा, नितिन नवीन, दिलीप जयसवाल, जनक राम, हरि सहनी, कृष्ण नंदन पासवान, केदार प्रसाद गुप्ता, सुरेंद्र मेहता और संतोष कुमार सिंह शामिल हैं। इसी तरह जदयू कोटे से अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, महेश्वर हजारी, शीला मंडल, सुनील कुमार, जयंत राज, जमा खान और रत्नेश सादा ने शपथ ली।
सरकार गठन के समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत आठ मंत्रियों प्रेम कुमार, विजय चौधरी, विजेंद्र यादव, श्रवण कुमार, संतोष कुमार और सुमित सिंह ने शपथ ली थी। आज के विस्तार के साथ नीतीश मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है, जिसमें भाजपा के 15, जदयू के 13, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के एक और एक निर्दलीय शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *