राज्य के 11 मंत्रियों के लिए बन रहे बंगलों का काम 37 करोड़ के लिए रुका
रांची, 17 फ़रवरी । रांची स्मार्ट सिटी के एडीबी एरिया में बन रहे 11 मंत्रियों के बंगलों का काम पूरा हो चुका है। करीब 37 करोड़ फंड रिलीज नहीं होने के कारण इंटीरियर फिनिशिंग का काम रुका हुआ है। जुडको ने बताया कि यह राशि स्वीकृत होने के बाद अधूरे काम पूरे होंगे। इसके बाद कैबिनेट इन बंगलों को मंत्रियों को आवंटित करेगा। उम्मीद है कि जुडको अप्रैल के अंत या मई तक यह बंगले कैबिनेट को हैंडओवर करेगा।
11 कैबिनेट मंत्रियों के लिए 69.90 करोड़ रुपये में बंगले बनाए जा रहे थे लेकिन अब निर्माण का अनुमानित खर्च 114.47 करोड़ रुपये पहुंच गया है। मंत्री बंगलों में मॉड्यूलर किचन और लिफ्ट समेत कई सुविधाएं बढ़ाई गई है, इसी वजह से खर्च बढ़ा है। 12 फरवरी को हुई चम्पाई सोरेन कैबिनेट की बैठक में इसे मंजूरी दे दी गई है।
जुडको के निर्देशन में बन रहे मंत्री बंगलों में अत्याधुनिक सुख-सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। बंगलों में ग्राउंड फ्लोर पर दो बेडरूम और पहले तल्ले पर तीन बेडरूम हैं। इसके अलावा एक बड़ा सा ड्राइंग रूम, डाइनिंग और मिनिस्टर रूम समेत कई कमरे हैं। बंगलों में स्मार्ट किचन भी है, जहां मॉड्यूलर और स्मार्ट किचन में भोजन बनेगा। पूरे बंगले का निर्माण कुछ इस तरह किया गया है कि इसमें मंत्रियों के परिवार के साथ उनके ऑफिस स्टाफ की सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। खास बात यह है कि स्मार्ट सिटी में ये सभी 11 बंगले एक कतार में हैं। ऐसे में एक कैंपस में प्रवेश करने के साथ ही सभी 11 मंत्रियों से मुलाकात हो सकती है।