HindiNationalNewsPolitics

मोदी की दूरदर्शी सोच की बदौलत नई ऊंचाइयां छू रहा भारतः राजनाथ

लखनऊ, 14 मई : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता और विकास के लिये नयी सोच और लगन की बदौलत भारत दुनिया में नयी ऊंचाईयां छू रहा है।
भाजपा प्रत्याशी के तौर पर स्थानीय सांसद श्री सिंह ने यहां एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुये कहा “ लखनऊ के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पूरा सहयोग मिला। मैंने जो भी कहा, क्षण भर भी विलंब किए बिना सीएम योगी ने तत्काल स्वीकृति प्रदान की। यही कारण है कि लखनऊ का विकास तेजी से हुआ है।”
उन्होने कहा कि अंतरराष्ट्रीय जगत में भारत की प्रतिष्ठा तेजी से बढ़ी है। पहले भारत अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी बात कहता था तो उसकी बातें गंभीरता से नहीं ली जाती थीं, लेकिन आज आज भारत बोलता है तो सारी दुनिया कान खोलकर सुनती है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। उनके मिशन, विजन और पैशन के कारण भारत ऊंचाइयों को हासिल कर रहा है। हर क्षेत्र में भारत तेजी से बढ़ रहा है।
अवध चौराहा पर आयोजित चुनावी जनसभा में रक्षा मंत्री ने कहा “ पाकिस्तान के सांसद फजलुर्रहमान ने कहा कि भारत इतनी तेजी से विश्व की महाशक्ति बन रहा है, लेकिन पाकिस्तान अपने को बर्बादियों से बचाने के लिए विश्व से भीख मांग रहा है। सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था भारत की है। ”
उन्होने विश्वास दिलाया कि लखनऊ के बारे में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के सपने को साकार कर हमने धरातल पर उतारने की कोशिश की है और आगे भी करता भी रहूंगा। लखनऊ दुनिया में दसवें नंबर पर है और मेरी कोशिश होगी कि यह पांचवें नंबर पर आ जाए।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा हिंदुस्तान की सबसे विश्वसनीय राजनीतिक पार्टी है। कोई भी बता दे कि हमने चुनावी घोषणा पत्र की बातें पूरी न की हों। हमारी कथनी-करनी में कभी अंतर नहीं रहा है। हमें संसद के दोनों सदन में बहुमत मिल गया तो चुटकी बजाकर धारा-370 समाप्त कर दिया। जम्मू-कश्मीर का वही दर्जा है, जो अन्य राज्यों का है। हमने वादा किया और अयोध्या की धरती पर राम मंदिर बन गया है। भगवान राम कुटिया से निकलकर महल में प्रवेश कर चुके हैं। मेरा विश्वास है कि भारत में रामराज्य का आगाज होकर रहेगा।
जनसभा में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, भाजपा के महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया, पूर्व एमएलसी अरविंद त्रिपाठी, मान सिंह आदि की मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *